क्रिसमस पर शहीदों के लिए होगी विशेष प्रार्थना
ब्यूरा/अमर उजाला/ देहरादून।
शहर के गिरजाघरों में बड़ा दिन यानि क्रिसमस की तैयारी जोरों पर है। ईसाई समाज के लोग घर और चर्च के रंग-रोगन में जुटे हैं। राजपुर रोड स्थित शहर के सबसे पुराने मॉरीसन मेमोरियल चर्च को सजाने के लिए आर्किटेक्ट की मदद ली जा रही है। इसके अलावा सजावट के लिए आगरा से लाइटें मंगाई गई हैं। इस बार क्रिसमस-डे पर शहीदों के लिए विशेष प्रार्थना भी की जाएगी।
राजपुर रोड स्थित मॉरीसन मेमोरियल चर्च के पादरी पीजे सिंह ने बताया कि क्रिसमस मनाने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है। चर्च को सजाने और संवारने के लिए आर्किटेक्ट की सेवाएं ली जा रही हैं। इसके अलावा डेकोरेशन के लिए कई प्रकार के आइटम्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। चर्च को ऐसा सजाया जा रहा है, जिसके केंद्र में बच्चे हैं। सेंटा क्लॉज की पिक्चर्स और टॉयज पर भी विशेष तव्वजो दी जा रही है। वॉल पेंटिंग में प्रभु यीशु के जीवन की सजीवता के रंग भरे जा रहे हैं।
पादरी पीजे सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर की रात देश के शहीदों के लिए मॉरीसन मेमोरियल चर्च में विशेष प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और उनके परिवार को सांत्वना देने के लिए आराधना की जाएगी। इसके अलावा प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रभु यीशु के जीवन का महत्व बताया जाएगा और प्रभु यीशु के जीवन पर बनी फिल्म भी दिखाई जाएगी। 24 दिसंबर की रात ही बच्चे प्रभु यीशु के संदेश की प्रस्तुति देंगे। इसके पहले 24 से 25 दिसंबर दोपहर तक रोजाना विशेष प्रार्थना व पूजा होगी। इसके बाद नन्हे-मुन्ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोग एक-दूसरे के घर जाकर क्रिसमस की बधाई देंगे। क्रिसमस-डे (प्रभु यीशु के जन्मदिन) पर केक खाने और खिलाने की विशेष परंपरा है। बाजार मेें विभिन्न प्रकार के केक मिलते हैं, लेकिन अधिकतर घरों के लोग खुद केक बनाते हैं। इनमें ड्राई फूट केक, चॉकलेट केक, रम केक, प्लम केक, फ्रूट केक, कॉफी केक, सीड केक बेहद लजीज होते हैं।