कोटद्वार। फुटबाल एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सिटीएफसी ने विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की।
मिनी स्टेडियम मोटाढांक में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच का ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल ने उद्घाटन किया। फाइनल मैच सिटीएफसी और एमवीएफसी मोटाढांक के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल के लिए जोर लगा दिया, लेकिन सिटीएफसी के स्ट्राइकर हिमांशु ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल मार कर 1-0 से अपनी टीम को प्रतियोगिता का विनर बना दिया। मैच के निर्णायक रजत नेगी, अनीस और जितेंद्र यादव थे। प्रतियोगिता में अव्वल प्रदर्शन के लिए सिटीएफसी के शंकर थापा को प्रतियोगिता का सर्वोत्तम खिलाड़ी, जबकि बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार अर्पण रावत को दिया गया। प्रतियोगिता का आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं व मेहरबान सिंह रावत ने सुनाया।
इस अवसर पर बाल भारती के प्रबंधक गिरिराज सिंह रावत, जिला फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, सचिव सुनील रावत, दर्शन सिंह भंडारी, अरुण गुसाईं, रविंद्र सिंह बिष्ट, सूरज कुकरेती, भारत नेगी, दीपमोहन नेेगी, हर्षवर्द्धन बिंजोला, मानसिंह थापा, प्रदीप राणा, ध्यान सिंह रावत, पिंटी भाई, सिद्धार्थ रावत, लक्ष्मी रावत, अंजू भंडारी व शिवा चौधरी आदि मौजूद थे।