पौड़ी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि रामनगर और कोटद्वार को भी चार धाम यात्रा का मुख्य द्वार बनाने की राज्य सरकार की योजना है। इसी तरह, कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर नेशनल हाईवे को भी केंद्र के ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट से जोड़ने के प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा भी हुई है।
बृहस्पतिवार को संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में जिला भाजपा की ओर से ‘सौ दिन सरकार के सौ दिन विकास के’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आदि ने भी सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां गिनाईं। प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। एनएच-74 के घोटाले की सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी गई है। घोटाले के दोषी अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राज्य मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि सरकार पहाड़ में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं पर संजीदगी से ध्यान दे रही है। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में डाक्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस अवसर पर ‘सौ दिन सरकार के सौ दिन विकास के’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में पौड़ी विधायक मुकेश कोली, ऋतु खंडूड़ी भूषण, दिलीप रावत, भाजपा नेता विकास कुकरेती, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गणेश नेगी, जीके बर्त्वाल, दिगंबर नेगी, अजेंद्र रावत व राजकुमार पोरी आदि शामिल रहे।
तीन दिन में चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं, मंत्री नाराज
पौड़ी। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नाराजगी जताई है। वहीं, पुलिस ने तीन दिन बाद चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है। एसएसपी जेआर जोशी ने इस पर नाराजगी जताते हुए पौड़ी पुलिस का जवाब तलब किया है।
बृहस्पतिवार को भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे डॉ. रावत ने पुलिस को चोरी की घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में गढ़वाल रेंज के डीआईजी से भी बात करेंगे। उन्होंने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विधायक निधि से श्रीनगर, पौड़ी और कोटद्वार थानों में चीता फोर्स के लिए पांच-पांच मोटरसाइकिल देने की बात भी कही है। उधर, चोरी की तीन घटनाओं में तीन दिन बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर भी ट्रेस हुए हैं। कुछ पुराने चोरों को पुलिस ने पूछताछ के हिरासत में भी लिया है। हालांकि पुलिस ने अब तक चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है। पौड़ी कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।