देश को भारतीय वन सेवा के 70 और अफसर मिल गए हैं। इनमें 22 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं इस बैच से दो विदेशी महिला प्रशिक्षु भी पास आउट हुई हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन सेवा अकादमी के दीक्षांत समारोह में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सभी को सर्टिफिकेट दिए।
कोर्स में कमी रह जाने के कारण 6 परिवीक्षार्थियों को सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है। वर्ष 2013-15 के सत्र में आंध्र प्रदेश कॉडर के शेखर बाबू गेद्दाम ने टॉप किया है। उन्हें सात अवार्ड मिले हैं।
भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में सोमवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में पास आउट हुए विभिन्न राज्यों के आइएफएस परिवीक्षार्थियों को केंद्रीय वन, पर्यावरण मंत्री जावडेकर ने सर्टिफिकेट दिए।
आंध्र प्रदेश कॉडर के शेखर बाबू गेद्दाम ने आल राउंड आउट स्टैंडिंग परफोर्मेंस अवार्ड के अलावा टॉपर इन कोर फॉरेस्ट्री सब्जेक्ट्स, पी श्रीनिवास मेमोरियल प्राइज, आरएन माथुर प्राइज, केपी सग्रीया प्राइज फॉर श्रेष्ठ वानिक पुरस्कार, डॉ. बीएन गांगुली अवार्ड, सीनियर फोरेस्टर, प्राइज फॉर बेस्ट फील्ड फोरेस्टर हासिल किया। वहीं इस बैच में उत्तराखंड कॉडर का एक भी आईएफएस नहीं है।