रविंद्र दोबारा बने रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की प्रांतीय कार्यकारिणी के शनिवार को अग्रवाल धर्मशाला में हुए चुनाव में रविंद्र भगत दोबारा अध्यक्ष चुने गए हैं। जबकि रविनंदन कुमार महामंत्री व रमेश कुमार को प्रांतीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी का गठन बाद में किया जाएगा।
चुनाव अधिकारी राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष संतोष रावत तथा प्रदेश महामंत्री सूर्यप्रकाश राणाकोटि की मौजूदगी में यूनियन की प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव हुए। जिसमें अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष का चयन किया गया। इससे पहले पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। चुनाव में देहरादून के साथ ही पिथौरागढ़, लोहाघाट, टनकपुर, काठगोदाम, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, भवाली, रानीखेत आदि डिपो, कार्यशाला के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व महामंत्री भोला दत्त जोशी, रमेश प्रसाद, जगदीश बहुगुणा, अमित सैनी, कैलाश पांडे, विपिन वालिया, सुशील कुमार, सुदेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
----
बैठक में कर्मचारियों ने उठाई ये मांगें
कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, ग्रेड-पे में कटौती न की जाए, निगम को नई बसें उपलब्ध कराई जाएं, चालक-परिचालकों की भर्ती की जाए, संविदा पर रखे गए परिचालकों की नियुक्ति हो, सातवें वेतनमान के तहत मकान का किराया एवं महंगाई भत्ते को वेतन में जोड़ा जाए, निगम कार्मिकों के एलआइसी व ईपीएफ का भुगतान हो।