ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक के दाखिलों की पहली सूची मंगलवार को जारी हो गई है। सूची सभी केवि की वेबसाइट पर देर रात अपलोड भी कर दी गई है। वहीं पहले दिन अभिभावक भी सूची में नाम देखने के लिए केंद्रीय विद्यालयों में भी पहुंचे थे।
केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक में दाखिलों के लिए मंगलवार सुबह 8:30 बजे लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के तहत कैटेगरी-1, कैटेगरी-2, कैटेगरी-3, कैटेगरी-4 और कैटेगरी-5 की सूची अलग-अलग जारी की गई। यह बंटवारा बच्चों के अभिभावकों के व्यवसाय के आधार पर है। केवल केंद्रीय सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को ही कैटेगरी-1 में जगह दी गई है। बिजनेस या प्राइवेट नौकरी करने वालों को कैटेगरी-5 में जगह दी गई है। सूची में शामिल बच्चों के लिए दाखिला प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। दाखिले के समय अभिभावकों को अपने बच्चों के सभी मूल प्रमाणपत्र भी साथ लेकर जाने होंगे।