क्षेत्र और जिला पंचायतों का परिसीमन शुरू
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य में मई जून में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर सरकार, शासन व पंचायतीराज विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों के पहले चरण में ग्राम पंचायतोें का परिसीमन शुरू किया गया है। राज्य के कई जिलों में कई ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों के नगर निकायों में शामिल होने से परिसीमन की महत्ता और बढ़ गई है। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन की ओर से परिसीमन को लेकर आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायतों के प्रादेशिक परिसीमन को लेकर मंगलवार से लेकर 29 दिसंबर तक प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 31 दिसंबर को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की सूची का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। एक जनवरी से लेकर तीन जनवरी तक प्रस्तावों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई जाएंगी। चार व पांच जनवरी को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। प्रक्रिया को पूरा करने के बाद सात जनवरी को परिसीमन सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अगले दिन आठ जनवरी को क्षेत्र एवं जिला पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की सूची निदेशालय को उपलब्ध करायी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि नई नगर पंचायतों का गठन किए जाने के बाद कुछ ग्राम पंचायतों को नगर पंचायताें में शामिल किया गया था। जबकि कई ग्राम पंचायतों को नगर निगम में सम्मिलित किया गया। ऐसा होने से इन ग्राम पंचायतोें का अस्तित्व ही समाप्त हो गया है। ऐसे में क्षेत्र पंचायतों का परिसीमन बदल गया है जिसे दुरुस्त किए जाने की जरूरत है।