- कंट्रोल रूम से संचालित होगा स्मार्ट सिटी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बिजली, पानी, यातायात, सीवर आदि नागरिक सुविधाओं के लिए एक कंट्रोल (इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर) रूम होगा, जहां से स्मार्ट सिटी में दी जाने वाली सुविधाओं की निगरानी और संचालन किया जाएगा। बुधवार को देहरादून स्मार्ट सिटी योजना की उच्च स्तरीय संचालन समिति की बैठक में इसके लिए 234.85 करोड़ की डीपीआर पर मुहर लगी। इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर (आईसीसीसी) आईटीडी भवन, सहस्त्रधारा रोड पर जनवरी में बनाया जाएगा। जिसके संचालन में सभी संबंधित विभाग सहयोग करेंगे। ऐसे में स्मार्ट सिटी योजना परवान चढ़ी तो दून दुनिया के उन शहरों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगा, जिनमें नागरिकों को तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कौलागढ़ स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में देहरादून स्मार्ट सिटी परियोजना की उच्च स्तरीय संचालन समिति की बैठक हुई। जिसमें एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) की डीपीआर पर प्रस्तुतिकरण दिया गया। जिसमें बताया गया आईसीसीसी का संचालन शुरू होने से यातायात प्रबंधन, कूड़ा निस्तारण, वाई-फाई, पार्किंग समेत कई अन्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसमें इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम सॉल्यूशन, वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एनवायरमेंट सेंसर, सिटी वाई-फाई, सिटी सर्विलांस और स्मार्ट पार्किंग की सुविधाएं शामिल हैं।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आईटी पार्क में बनने वाले सेंटर से अन्य योजनाओं को भी जोड़ा जा सकता है। पहले चरण में जनता से जुड़ी सुविधाओं को शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईटी पार्क में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। आईटीडीए बिल्डिंग में बनने वाले इस सेंटर से सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली, पानी, कूड़ा निस्तारण जैसी सुविधाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव आईटी आरके सुधांशु, सचिव पेयजल, शहरी विकास अरविंद सिंह हयांकी, निदेशक आईटीडीए अमित सिन्हा, अपर सचिव आवास सुनील एस पांथरी, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, अपर सचिव ऊर्जा कैप्टन एएस तिवारी, अपर सचिव वित्त एलएन पंत आदि मौजूद रहे।
---
स्मार्ट स्कूल के लिए 5.58 करोड़ की डीपीआर
देहरादून। राजधानी में स्मार्ट स्कूल की 5.58 करोड़ रुपये की डीपीआर का भी प्रस्तुतिकरण दिया गया। स्मार्ट स्कूलों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, राजकीय इंटर कॉलेज खुड़बुडा और बालिका जूनियर हाईस्कूल खुड़बुड़ा को शामिल किया गया है। इसमें स्मार्ट एजुकेशन का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही इन स्कूलों में आईटी कंपोनेंट्स स्थापित किए जाएंगे। डीपीआर का संचालन समिति ने अनुमोदन कर दिया है।
----
घंटाघर से सिल्वर सिटी तक लगेंगे सेंसर
राजपुर रोड पर घंटाघर से सिल्वर सिटी तक सेंसर लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को पार्किंग उपलब्धता के बारे पता चल सकेगा। साथ ही सिग्नलों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। यहां अक्सर पार्किंग की समस्या रहती है। जिसके चलते जाम लगता है। सेंसर लगने से वाहन चालकों को रियल टाइम के आधार पर पार्किंग उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी मिल सकेगी। ऐसा होने से जाम से निजात मिलेगी।
---
कई सड़कें बनेंगी स्मार्ट
बैठक के दौरान शहर की कई सड़कों को स्मार्ट बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। रिस्पना पुल से महाराजा अग्रसेन चौक (हरिद्वार रोड), आराघर से बहल चौक (ईसी रोड), घंटाघर से दिलाराम चौक (राजपुर रोड) और घंटाघर से किशन नगर चौक (चकराता रोड) को स्मार्ट बनाने पर बात की गई। यहां इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम, स्मार्ट पार्किंग समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
--
22 चौराहों का होगा पुनर्निर्माण
स्मार्ट सिटी के तहत शहर के 22 चौराहों के पुनर्निर्माण पर अधिकारियों ने विचार किया। कुछ समय पूर्व एमडीडीए और नगर निगम की ओर से चौराहों का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण किया गया था। वहीं, कई चौराहों का चौड़ीकरण कार्य अटका हुआ है। अब इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जोड़ते हुए नए सिरे से पुनर्निर्माण किया जाएगा।
--
करनपुर रोड बनेगी बेहतर
देहरादून। प्रोजेक्ट के तहत करनपुर रोड को बेहतर बनाने भी चर्चा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सर्वे चौक से डीएवी कॉलेज और डीबीएस कॉलेज तक परिवहन के लिए बेहतर और चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। वहीं, पैदल चलने वालों के लिए भी मार्ग तैयार किया जाएगा। इसके अलावा परेड ग्राउंड और उसके आसपास के इलाकों को भी विकसित किया जाएगा।
--
स्मार्ट टॉयलेट बनाए जाएंगे
शहर में कई स्थानों पर स्मार्ट टॉयलेट बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। बैठक में गांधी पार्क, परेड मैदान, कलेक्ट्रेट और कांवली रोड स्थित एमडीडीए कॉलोनी में स्मार्ट टॉयलेट बनाने का फैसला हुआ। वहीं, राजपुर रोड और पलटन बाजार क्षेत्र के विकास के लिए भी योजना बनाई जाएगी।
--
जनवरी से लगेंगे 24 वाटर एटीएम
शहर में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनवरी से 24 स्थानों पर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। एडीबी की ओर से लगाए जाने वाले इन एटीएम के जरिये लोगों को कम कीमत पर पीने का पानी उपलब्ध हो सकेगा।
=
29 को मेयर लेंगे स्मार्ट सिटी की बैठक
मेयर सुनील उनियाल गामा 29 दिसंबर को स्मार्ट सिटी की बैठक लेंगे। जिसमें वह नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कार्यों पर चर्चा करेंगे। मेयर गामा ने बताया कि अधिकारियों को स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने का सुझाव दिया है, जिससे विकास कार्य तेजी से हो सकें।