उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय से सटे पोखरी गांव की एक महिला घास काटते वक्त पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों सहित एसडीआरएफ व पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम को पोखरी गांव निवासी उर्मिला देवी (36) पत्नी बलदेव सिंह अन्य महिलाओं के साथ गांव से करीब तीन किमी दूर जंगल में घास काटने गई थी, जहां पहाड़ी पर घास काटते वक्त पैर फिसलने से वह करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। आसपास मौजूद महिलाओं ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन खड़ी ढाल और अंधेरा अधिक होने से महिलाएं सफल नहीं हो पाई। उन्होंने गांव लौटकर अन्य ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। इस बीच डीएम डा. आशीष चौहान के नेतृत्व में एसडीआरएफ व पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बुधवार को गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने अस्पताल पहुंचकर महिला का हालचाल जाना। अब महिला की हालत खतरे से बाहर है। ब्यूरो