उत्तरकाशी/नौगांव/चिन्यालीसौड़/पुरोला। युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेल महाकुंभ का सोमवार को यमुनोत्री विधायक केदार रावत ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी खेल सामग्री के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं प्रतियोगिता के पहले दिन राइंका खराड़ी व न्यू होली लाइफ पब्लिक स्कूल बड़कोट के बीच अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में न्यू होली लाइफ पब्लिक स्कूल बड़कोट की टीम 22-17 से जीती।
भटवाड़ी ब्लॉक की प्रतियोगिता की 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में अनुराग तथा बालिका वर्ग में निवेदिता विजयी रहे। 1500 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में दुर्गेश राणा ने बाजी मारी। वहीं डुंडा ब्लॉक की प्रतियोगिता की गोला फेंक के बालक वर्ग में आदर्श रमोला ने प्रथम, यशवंत ने द्वितीय तथा उदय ने तृतीय रहे। चिन्यालीसौड़ में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में राहुल सिंह व बालिका वर्ग में तक्षशिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 की 800 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में राहुल तथा बालिका वर्ग में पूजा ने बाजी मारी। अंडर-14 की 800 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गोपाल व बालिका वर्ग में शिवानी विजयी रहे। वहीं अंडर-14 की 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में दिक्षांत व बालिका वर्ग में सिमरन ने जीत हासिल की।
पुरोला में आयोजित प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में हिमांशु व बालिका वर्ग में पल्लवी ने बाजी मारी। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में हिमांशु व बालिका वर्ग में रविना विजयी रहे। लंबी कूद के बालक वर्ग में विकेंद्र व बालिका वर्ग में संतोषी अव्वल रही। गोला फेंक के बालक वर्ग में कुलदीप व बालिका वर्ग में सुचिता ने बाजी मारी। कबड्डी के बालक वर्ग में ढकाड़ा व बालिका वर्ग में चंदेली की टीम विजयी रही। खोखो के बालक व बालिका वर्ग में ढकाड़ा विद्यालय की टीम ने बाजी मारी।
अनियमितताओं पर जताया रोष
खेल महाकुंभ में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन स्कूल गणेशपुर द्वारा रोष व्यक्त किया गया है। सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने बताया कि खेल महाकुंभ की न्याय पंचायत स्तरीय 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र शंभु मखलोगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके चलते उसे 24 तारीख से होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया था। विभाग ने बिना किसी पूर्व जानकारी के ही 23 दिसंबर को प्रतियोगिता आयोजित करा दी, जिससे छात्र प्रतिभाग नहीं कर सका। प्रधानाचार्य विनीता देशमुख, पीटीए अध्यक्ष सुनीता देवी, शिक्षक राममोहन रावत आदि ने विभाग की लापरवाही पर रोष जताते हुए डीएम से कार्रवाई करने की मांग की।