खताड़ी निवासी एक युवक ने ठंड से बचने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज की लाइब्रेरी में रखीं हजारों रुपये की किताबों को आग लगा दी। युवक लाइब्रेरी का ताला तोड़कर अंदर घुसा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
राजकीय इंटर कॉलेज खताड़ी की लाइब्रेरी का ताला तोड़कर शनिवार रात मो. इशार उर्फ सेबू अंदर घुसा और ठंड से बचने के लिए उसने लाइब्रेरी में रखीं किताबें जला दीं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य अजय धस्माना ने बताया कि वह सुबह लाइब्रेरी पहुंचे तो देखा कि अलमारियों में रखीं किताबें बाहर निकालकर जला दी गईं थीं।
किताबों की कीमत तीस हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। खताड़ी चौकी के एसआई जयपाल सिंह चौहान ने मौका मुआयना करने के बाद कॉलेज के पीछे ही छिपे बैठे आरोपी को पकड़ लिया। कॉलेज के परिचारक महिपाल सिंह मनराल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।