उत्तरकाशी। जिला भेषज सहकारी संघ लिमिटेड के 41वें वार्षिक अधिवेशन में वार्षिक बजट पेश करने के साथ ही जड़ी बूटी कृषिकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बीते वित्तीय वर्ष में संघ को नौ लाख रुपये की आय हुई, जबकि अगले वर्ष के लिए 52 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया।
मंगलवार को जिला भेषज सहकारी संघ के वार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ प्रभारी डीएम सीडीओ प्रशांत आर्य ने किया। उन्होंने जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से चुनकर आए संचालकों को जड़ी बूटी कृषिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जनपद में जड़ी बूटी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। इसके माध्यम से किसानों की आय दोगुनी की जा सकती है। भेषज सहकारी संघ के अध्यक्ष अतोल सिंह रावत ने बजट पेश करते हुए बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में संघ को नौ लाख रुपये का मुनाफा हुआ। उन्होंने वर्ष 2019-20 के लिए 52 लाख रुपये का बजट पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। भेषज संघ के बार्सू और गोरसाली स्थित राजकीय प्रदर्शन केंद्रों को भी विकसित किया जाएगा। इस मौके पर मदन लाल बिजल्वाण, सरदार रावत, जितेंद्र पंवार, गीता देवी, कमल नौटियाल, धीरेंद्र रावत, राजमोहन चौहान, कालीदास, यशपाल चौहान, जगदीश नौटियाल आदि मौजूद रहे।