जल्द संचालित होगा तीसरा वेलनेस सेंटर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून केंद्रीय पेंशनर्स एसोसिएशन के अनुरोध पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को सर्वे चौक स्थित सीजीएचएस वेलनेस सेंट को जल्द संचालित करने के आदेश जारी किए हैं, जिससे केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना से जुड़े 27 हजार लाभार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं, निदेशालय ने मिलन विहार स्थित वेलनेस सेंटर भवन निर्माण के लिए लंबित धनराशि को भी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसोसिएशन के महासचिव एसएस चौहान ने बताया कि पूरे प्रदेश में मिलन विहार और चुक्खु मोहल्ला स्थित केवल दो ही वेलनेस सेंटर थे। जिसके चलते प्रदेश के सभी पेंशनर्स को राहत नहीं मिल पा रही है। तीसरा वेलनेस सेंटर खुलने से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने हर जिले में वेलनेस सेंटर खोलने की मांग की है। संरक्षक एनएन बलूनी ने कहा कि योजना में 38 विभागों को शामिल किया गया है। इस मौके पर संयोजक केएस बंगारी, संयुक्त सचिव पीपी जुगरान, प्रचार सचिव जेएन शर्मा, कोषाध्यक्ष बीएस भंडारी, चंदन सिंह रावत, माधो सिंह रावत आदि मौजूद रहे।