ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
इस साल 12वीं के बाद आप कॉलेज में दाखिला लेने जा रहे हैं तो पहले संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय का स्टेटस चेक कर लें। हो सकता है कि संस्थान जो दावा कर रहा हो, वह उसके उलट निकले। इसके लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ‘नो योर कॉलेज वेबसाइट’ है। इस वेबसाइट पर किसी भी राज्य के किसी भी शहर के किसी भी प्राइवेट, सरकारी कॉलेज या विश्वविद्यालय का पूरा स्टेटस चेक किया जा सकता है।
वेबसाइट पर देशभर के कॉलेजों का पूरा डाटा अपलोड है और इसमें ‘सर्च यॉर कालेज’ नाम से विंडो दिया गया है। इसमें दो विकल्प हैं। पहला तकनीकी कॉलेज और दूसरा अन्य उच्च शिक्षण संस्थान। सबसे पहले इसमें से किसी एक विकल्प पर क्लिक करना होता है। इसके बाद इसके बाद संबंधित राज्य का नाम भरें। इसके बाद जिला, विवि का नाम, इंस्टीट्यूट का प्रकार, प्रोग्राम, लेवल, कोर्स भरेंगे तो उस राज्य एवं जिले में संचालित हो रहे संबंधित सभी संस्थानों के नाम आ जाएंगे। अपनी जरूरत के हिसाब से संस्थान पर क्लिक करेंगे तो उसका स्टेटस सामने आ जाएगा।
मसलन, उस कॉलेज या विश्वविद्यालय में शिक्षकों की संख्या कितनी है, महिला शिक्षक और पुरुष शिक्षक कितने हैं। प्लेग्राउंड, ऑडिटोरियम, कान्फ्रेंस हॉल से लेकर इन्फ्रास्ट्रक्चर तक की पूरी जानकारी ऑनलाइन दिखेगी। इससेे साफ हो जाएगा कि आप जिस कॉलेज में दाखिला लेने जा रहे हैं, उसकी हकीकत क्या है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की ओर से सभी कॉलेजों का डाटा मंगाने के बाद यह वेबसाइट अपडेट की गई है। इसका फायदा यह है कि आप जिस कॉलेज या विवि में दाखिला लेने जा रहे हैं, उसकी पूरी जानकारी पहले ही लेकर फर्जीवाड़े से बच सकते हैं।
--
यहां करें क्लिक : www.knowyourcollege-gov.in