ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
बारिश के चलते ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को पहाड़ी से अचानक मलबा आने से आवागमन ठप हो गया। इसके चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑल वेदर रोड के निर्माण में जुटी एजेंसी की पॉकलैंड मशीन से मलबा हटवाकर हाईवे पर बमुश्किल आवागमन सुचारु कराया।
बारिश के दौरान बुधवार सुबह करीब 11 बजे ब्रह्मपुरी से पहाड़ी दरकने से बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर मलबा आ गया। राजमार्ग पर मलबा आने से दोनों ओर का आवागमन ठप हो गया। इसकी वजह से वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके बाद राहगीरों ने मुनिकीरेती पुलिस को सूचित किया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी के साथ ही एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ऑल वेदर रोड निर्माण में जुटी एजेंसी की पॉकलैंड मौके पर मंगाई और हाईवे से मलबा हटवाया। दोपहर करीब 12 बजे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सकी। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरसात में पहाड़ी से मलबा आने की घटनाओं को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क है। मलबा हटाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।