ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में बृहस्पतिवार को क्रिसमस मनाया गया। इस दौरान ईसा मसीह के जन्म से जुड़े विभिन्न संस्मरणों को याद करते हुए अस्पताल नर्सिंग स्टाफ ने कार्यक्रम आयोजित किए। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में नर्सिंग स्टाफ ने ईसा मसीह के जन्म स्थल और उनके जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण संस्मरणों को सुंदर कलाकृतियों के जरिये जीवंत किया।
इस दौरान संदेश दिया गया कि ईसा मसीह के दिखाए गए रास्ते पर चलने से मनुष्य जीवन के पापों से मुक्त हो जाता है। ओटी नर्सिंग की कलाकृति को प्रथम, नेफ्र ो वॉर्ड को द्वितीय, प्राइवेट सी और सीटीवीएस की टीम को तृतीय पुरस्कार मिला। एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार मेहता ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह का जीवन यह संदेश देता है कि ईसा मसीह धरती पर इसलिए आए, ताकि मानव जीवन को पापों से छुटकारा मिल सके। उन्होंने अपने आदर्श जीवन से मानव जाति को यह संदेश दिया कि बुराई का अंत अच्छाई से ही संभव है। ईसा मसीह के जीवन को आदर्श मानते हुए सभी ने संकल्प लिया कि हमें प्यार और भाईचारे के साथ एक आदर्श जीवन जीना चाहिए।