नई टिहरी। पालिका कर्मियों ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पालिकाध्यक्ष का घेराव किया। राज्य सफाई आयोग के अध्यक्ष को भी शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अनावश्यक दबाव बनाकर कर्मचारियों से अतिरिक्त काम ले रहा है, जिससे नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वह केवल पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर कार्य करेंगे।
सोमवार को नगर निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राजेंद्र कठेरिया के नेतृत्व कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे पालिकाध्यक्ष के कार्यालय में पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं का घेराव कर जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि डीएम के ओर से नगर को स्वच्छ बनाने को शुरू किए गए अभियान को सफल बनाने के लिए यह पूरा सहयोग दें रहे हैं। लेकिन आठ जुलाई को सफाई अभियान के दौरान एसडीएम टिहरी ने कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार कर उनकी भावना को ठेस पहुंचाया है। वह बिना नोटिस के हड़ताल पर जाने को अड़े रहे, लेकिन पालिकाध्यक्ष के समझाने पर हड़ताल के निर्णय को वापस लिया। उन्होंने कहा कि वह पालिका को छोड़कर अन्य किसी भी सरकारी कार्यालय में सफाई नहीं करेंगे। कहा कि केवल वह पालिकाध्यक्ष के आदेशों पर अतिरिक्त काम करेंगे। घेराव करने वालों में संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हयात सिंह रौतेला, जमुना दत्त नौटियाल, सभासद गिरीश घिल्डियाल, हरीश राज, सुशील कुमार, रामकरण, डब्बू, बबलू, हरीशा, मिथलेश, राजेश्वरी, सुमित्रा, चंद्रवती, अनीता, शकुंतला, उषा, रेखा, नैना आदि शामिल थे।