अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
गांव बादशाहपुर में 18 जून को पाकिस्तान से भारतीय क्रिकेट टीम की हार के बाद कुछ लोगों के देश विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने का मामला सामने आया है। संबंधित समुदाय के ही लोगों ने एसएसपी को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस पहले ही एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था। ऐसा ही एक और मामला सामने आ गया है। बुधवार को गांव नसीरपुरकलां के एक समुदाय के दो लोगों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर अपने ही समुदाय के चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में एसएसपी को बताया है कि वह गांव बादशाहपुर में मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। आरोप है कि वहीं मस्जिद के पास खड़े युवकों ने भारत की हार के बाद हिंदुस्तान मुर्दाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। जिस पर उन्हें ऐसा करने से मना किया। पत्र में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की गई है।