रेलवे क्रासिंग पार करने की जल्दबाजी से बाइक सवार युवक की जान पर बन आई। बंद क्रॉसिंग (फाटक) पार करते हुए ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक बीच में फंसने से ट्रेन का इंजन भी फेल हो गया, इससे कई ट्रेनों को बीच में अटक गई। करीब साढ़े तीन घंटे के बाद ट्रेनों का आवागमन सुचारु हो पाया।
कामाख्या-कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस मंगलवार सुबह लक्सर से सहारनपुर की ओर जा रही थी। इसके लिए सुबह गेट नंबर-518 बंद किया गया था। इसी बीच सुबह 7.50 बजे बूड़पुर निवासी मोहित पाल (22 वर्ष) पुत्र राजेंद्रपाल बाइक से मौके पर पहुंचा और बंद क्रासिंग को पार करने लगा। इसी बीच कामाख्या एक्सप्रेस आ गई और मोहित ट्रेन की चपेट में आ गया। साथ ही बाइक फंसने से ट्रेन का इंजन भी फेल हो गया। सूचना पर आरपीएफ और झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण मोहित का क्षत-विक्षत शव ट्रैक से निकाल चुके थे। उधर, इंजन फेल होने से लखनऊ-चंडीगढ़ सुपरफास्ट रुड़की स्टेशन, गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस ढंढेरा स्टेशन, देहरादून-उज्जैनी लंढौरा स्टेशन और बरौनी से अंबाला जाने वाली हरिहर एक्सप्रेस लक्सर स्टेशन पर तीन घंटे तक खड़ी रही। रेल अधिकारियों ने कामाख्या को रवाना करने के लिए ढंढेरा में खड़ी मालगाड़ी का इंजन इकबालपुर भेजा था लेकिन वह इंजन भी जवाब दे गया। फिर रुड़की से सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर का इंजन लाया गया, तब साढ़े तीन घंटे बाद (11.20 मिनट) कामाख्या को इकबालपुर स्टेशन लाया गया। उसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। घटना की सूचना पर मृतक युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।