धुमाकोट/कोटद्वार। तहसील क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के रहने वाले प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर जान दे दी है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार रात दोनों ने दम तोड़ दिया। युवती का एक माह पूर्व ही विवाह हुआ था और इन दिनों वह मायके आई हुई थी। यहीं से वह प्रेमी संग घूमने गई और रास्ते में दोनों ने सल्फास खा लिया।
धुमाकोट के थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह कठैत ने बताया कि सोमवार शाम को किनगोड़ीखाल मार्ग पर एक यात्री शेड में एक युवक और युवती अचेत अवस्था में पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। रास्ते से गुजर रही पिकअप के चालक पूरण सिंह ने दोनों को अपने वाहन से नैनीडांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रामनगर के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां सोमवार रात दोनों की मौत हो गई। प्रेमी युगल की पहचान ममता (20) पुत्री जगत सिंह निवासी देवलाड़ पल्ला और प्रमोद मैंदोलिया (25) पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी नलाई तल्ली हाल निवासी पीरुमदारा (रामनगर) नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि युवती का आठ मई को पुलटांडा गांव के एक युवक के साथ हुआ था। 28 मई को उसका पति उसे मायके छोड़ गया था। तब से वह मायके में ही रह रही थी। सोमवार सुबह विवाहिता प्रमोद मैंदोलिया के साथ बाइक पर किनगोड़ीखाल की ओर गई थी, जहां दोनों ने सल्फास खा लिया। घटना से विवाहिता के मायके और ससुराल पक्ष के लोग स्तब्ध हैं। धुमाकोट पुलिस ने बताया कि दोनों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई रामनगर पुलिस द्वारा की जा रही है।