अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने मुनिकीरेती कुंभ मेला मैदान के समीप गंगा घाटों, तटों पर सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया। करीब चार घंटे तक चले अभियान में स्वयंसेवकों ने नदी तटों पर डंप कूड़ा-कचरा एकत्रित किया और उसका निस्तारण कराने के साथ ही वहां मौजूद तीर्थयात्रियों को गंगा और तीर्थ की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान में उत्तराखंड के कई जाने माने कलाकारों ने भी हिस्सा लिया।
तीर्थक्षेत्र मुनिकीरेती में बुधवार को सारथी सामाजिक संस्था, गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति, गंगा सुरक्षा समिति व लाजपतनगर दिल्ली की पर्वतीय भ्रात समाज सेवा समिति के स्वयंसेवकों ने नदी तटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत गंगा किनारे व आसपास के क्षेत्र में जमा कचरा व गंदगी एकत्र कर नगर पालिका मुनिकीरेती के सुपुर्द की गई।
इस दौरान लोक गायिका कल्पना चौहान, हास्य कलाकार घनानंद घन्ना, समाजसेवी चंद्रवीर पोखरियाल, विधु शर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, गंगा सुरक्षा समिति अध्यक्ष मधु असवाल, सारथी संस्था अध्यक्ष रवि शास्त्री आदि ने तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों से गंगा को स्वच्छ रखने की अपील की। अभियान में पेड़ बाबा डा. एमके मिश्रा, अनीता ममगाईं, सरोज कुकरेती, रोशनी राणा, रेखा असवाल, महेश्वरी रावत, मनोज मलासी, अभिषेक शर्मा, राजेश पयाल, रमाबल्लभ भट्ट, रामकिशन पोखरियाल, नरेश उनियाल, राजेंद्र चौहान, सुलोचना डंगवाल, सुनीति कठैत, हीरा रावत आदि मौजूद थे।