ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादूून।
एक अभिभावक ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और बाल अधिकार संरक्षण आयोग से शिकायत की है कि न्यू दून ब्लॉसम स्कूल उनकी बेटी को 11वीं में प्रोविजनल एडमिशन नहीं दे रहा है। जबकि अन्य 10वीं की छात्राओं को दाखिला दे दिया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बाल आयोग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है।
सहस्त्रधारा रोड निवासी पृथ्वु शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी ने इस वर्ष न्यू दून ब्लॉसम स्कूल से 10वीं की परीक्षा दी है। परिणाम जारी होने से पहले स्कूल की ओर से 11वीं कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्कूल विज्ञान संवर्ग की 10वीं की छात्राओं को 11वीं में विज्ञान में प्रवेश दे रहा है, लेकिन उनकी बेटी को दाखिला देने से मना कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन उनकी बेटी का मानसिक शोषण कर रहा है।
कोट
10वीं के परीक्षा परिणाम अभी घोषित नहीं हुए हैं। फिलहाल प्रोविजनल एडमिशन दिए जा रहे हैं। जिन बच्चों का पिछला प्रदर्शन अच्छा होता है उसी आधार पर प्रवेश दिए जाते हैं। मुझे किसी का प्रोविजनल एडमिशन रोकने की जानकारी नहीं है। वैसे भी जब परिणाम जारी होंगे उसके प्रदर्शन के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे।
मनीष गर्ग, प्रशासनिक अधिकारी, न्यू दून ब्लॉसम स्कूल