ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत खो-खो प्रतियोगिता में देहरादून ने अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग में बागेश्वर को व अंडर-19 बालक वर्ग में नैनीताल को हराकर तिहरा खिताब जीता। विजेता खिलाड़ियों को कैंट विधायक हरबंश कपूर ने सम्मानित किया।
युवा कल्याण विभाग के परिसर में चल रही खो-खो प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। इससे पहले अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में ऊधमसिंह नगर ने नैनीताल को 12-11 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में हरिद्वार ने देहरादून को 7-3 से हराया। बालिका वर्ग के फाइनल में नैनीताल ने पौड़ी को 13-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में पिथौरागढ़ ने बागेश्वर को 5-1 से हराया। अंडर-17 बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में देहरादून ने बागेश्वर को 4-1 से हराकर टॉफी कब्जाई। तीसरे स्थान पर पौड़ी की टीम रही। बालिका वर्ग के फाइनल में देहरादून ने बागेश्वर को सडनडैथ में 2:17.89 मिनट में हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में नैनीताल ने पिथौरागढ़ पर 5-4 के अंतर से जीत दर्ज की।
अंडर-19 बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में देहरादून ने नैनीताल को 6-5 के अंतर से हराया। तीसरे स्थान पर पौड़ी की टीम रही। बालिका वर्ग में नैनीताल ने देहरादून को 1 पारी और 3 अंक से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि, तीसरे स्थान पर पौड़ी की टीम रही। समापन पर युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक आर सी डिमरी, उप निदेशक युवा कल्याण अजय कुमार अग्रवाल, शक्ति सिंह उप निदेशक, सहायक निदेशक एस के जयराज, नीरज गुप्ता, प्रकाश चंद्र सती, किशन डोभाल, प्रमोद पांडेय, मनोज नेगी, पूजा सिंह, निर्मला मनराल, भूपेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।