मणिपुर ने बनाई 52 रन की लीड
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन टीम मणिपुर ने टीम उत्तराखंड पर 52 रन की लीड ली। पहली पारी के आधार पर उत्तराखंड को 91 रनों की बढ़त मिली। हालांकि मणिपुर के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में विकेट पर टिकने की प्रतिबद्धता दिखाई और दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 143 रन बना लिए। लखन अर्जुन रावत 81 और प्रियोजित के 23 रन बनाकर खेल रहे हैं।
अभिमन्यु क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को दूसरे दिन उत्तराखंड ने अपने कल के स्कोर पांच विकेट पर 123 रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान रजत भाटिया और वैभव पंवार ने शुरुआत में बेहद संभलकर बल्लेबाजी की धीरे-धीरे स्कोर आगे बढ़ाया। दोनों ने 96 रनों की साझेदारी करते हुए अपने-अपने अर्द्धशतक पूरे किए। रजत भाटिया 63 गेंदों में 61 और वैभव पंवार 169 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि अन्य कोई भी बल्लेबाज खाता नहीं खोल सका और पूरी टीम 228 पर आउट होकर पवेलियन लौट गई।
लखन ने की शानदार बल्लेबाजी
मणिपुर की दूसरी पारी में ओपनर लखन अर्जुन रावत और पी प्रफुलोमणि ने बेहद सतर्कता से शुरुआत की। दोनों ने कमजोर गेंदों पर तेजी से रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने 33.5 ओवर में 92 रनों की साझेदारी की। पिछली पारी में सात विकेट चटकाने वाले दीपक धपोला ने प्रफुलोमणि को एलबीडब्ल्यू आउट कर उत्तराखंड को पहली सफलता दिलाई। प्रफुलोमणि ने 93 गेंदों में 30 रन बनाए। इसके बाद प्रियोजित और लखन ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 143 रन तक पहुंचाया। लखन 195 गेंदों में 81 और प्रियोजित 73 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद लौटे।
असर नहीं छोड़ पाए गेंदबाज
मणिपुर की दूसरी पारी में उत्तराखंड के गेंदबाज बेअसर साबित हुए। पहली पारी में शानदार गेंदबाजी कर सात विकेट चटकाने वाले दीपक धपोला को छोड़कर अन्य सभी ने औसत गेंदबाजी की। कप्तान रजत भाटिया ने कुल छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन खास सफलता नहीं मिली। स्पिनर मयंक मिश्रा और मलोलन रंगराजन भी प्रभाव छोड़ने में नाकाम साबित हुए।