ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) जिले में शिक्षा स्वास्थ्य और बाल कल्याण के क्षेत्र में एक करोड़ रुपये खर्च करेगा। सामाजिक जिम्मेदारी योजना सीसीआर के तहत मंगलवार को इंडियन ऑयल कारपोरेशन के पानीपत रिफाइनरी व उत्तरी क्षेत्र पाइप लाइन यूनिट अधिकारियों के साथ डीएम दीपक रावत और सीडीओ विनीत तोमर ने लगभग एक करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमओयू के तहत विकास विभाग को मिलने वाले सीएसआर फंड से छात्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य और कुपोषण आदि समस्याओं पर नियंत्रण के लिए काम कार्य किया जाएगा।
रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट में हुए एमओयू हस्ताक्षर के दौरान जिलाधिकारी दीपक रावत ने इसे सार्वजनिक क्षेत्र की भागीदारी से जिले में एक बड़ा सुधारात्मक एमओयू बताया। उन्होंने कहा कि आईओसी से मिलने वाली प्रथम किश्त को फरवरी तक चिह्नित क्षेत्र के विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा। एमओयू के तहत 30 प्रतिशत की धनराशि आईओसी की ओर से आज ही जिला विकास कार्यालय को ट्रांसफर कर दी गई। इस दौरान बताया गया कि करार के तहत मिलने वाली रकम से जिले में 13 आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे साथ ही महिलाओं के लिए सिलाई मशीन भी बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालयों में दस शौचालय, स्वास्थ्य विभाग को 2 एंबुलेंस, कलर अल्ट्रासाउंड मशीन आदि भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 15 केवी के सोलर पैनल, छह प्रोजेक्टर, छह लैपटॉप भी प्रशासन को सौंपे गए। इस अवसर पर आईओसी की यूनिट हेड रिफाइनरी पानीपत वीके रायजादा, एपी शर्मा, डीसी वर्मा, पाइप लाइन के यूनिट हेड बीके रॉय, मोहित वासुदेव, उबैद अहमद आदि अधिकारी उपस्थित रहे।