शोभायात्रा के चलते डायवर्ट रहेंगे रूट
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के चलते बुधवार को शहर में कई जगहों पर रूट डायवर्ट रहेगा। अपराह्न तीन बजे शिवाजी धर्मशाला से शोभायात्रा शुरू होगी। शहर भ्रमण के बाद शिवाजी धर्मशाला में ही यात्रा का समापन होगा। पुलिस ने यात्रा के दौरान लोगों से वैकल्पिक मार्गों के प्रयोग का आह्वान किया है।
पुलिस ने बताया कि शिवाजी धर्मशाला से यात्रा के निकलते ही निरंजनपुर मंडी और भंडारी बाग से समस्त वाहनों को डायवर्ट व वापस कर दिया जाएगा। यात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला से सहारनपुर की ओर वाहनों का संचालन रोक दिया जाएगा। यात्रा का पिछला हिस्सा सहारनपुर चौक पार करने पर सभी स्थानों के यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा। अगला हिस्सा डिस्पेंसरी रोड पहुंचने से पहले दर्शनलाल चौक से समस्त वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान तहसील व बुद्धा चौक से आने वाले वाहनों को दून चौक की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा का पिछला हिस्सा पलटन बाजार पहुंचने पर सभी रूटों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। दर्शनी गेट पहुंचने से पहले महाराजा अग्रसेन चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को रोककर शोभायात्रा के दाहिने चलाया जाएगा। शिवाजी धर्मशाला में पूर्ण रुप से प्रवेश करने पर रूट सामान्य कर दिए जाएंगे।