ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
देश के अगल अलग राज्यों से आई 120 से ज्यादा महिला खिलाड़ियों को एसपीओ अवार्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम में कबड्डी, फुटबॉल, दौड़, बैडमिंटन, किक बॉक्सिंग, जूडो, टेबल टेनिस, योगा, फ्लोरबॉल, खो-खो, कराटे, चेस आदि खेलों में उत्कृष्ट पदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत रविवार को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में स्पोर्ट्स प्रमोशन आर्गेनाईजेशन ऑफ इंडिया की ओर से एसपीओ अवार्ड सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ इंटरनेशनल शूटर चंद्रो तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि यह सम्मान आपके जीवन का आखिरी सम्मान नहीं है। जब कभी मन कमजोर पड़े और लक्ष्य गुमनाम हो जाए, तो इस अवार्ड को याद करना। यह आपको आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा। संस्था की अंबेसडर चंद्रो तोमर ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों में रूचि है तो मेहनत और लगन से आगे बढे़। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मधू गुप्ता, भावना त्यागी, अनू तोमर, साधना, ललिता कठीयाल, अनिता रावत, मिनाक्षी, राजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।
----
दस साल की कीर्ति किक बॉक्सिंग मेें दिखा रही दम
अवार्ड सेरेमनी में दस साल की कीर्ति सबसे कम उम्र खिलाड़ी के रूप शामिल हुई। कीर्ति वर्तमान में किक बॉक्सिंग में दम दिखा रही है। बड़े हो कर कीर्ति भारत के लिए मेडल जीतना चाहती है।
------
सीनियर टीम में खेलना चाहतीं हैं अनीता
दून की अनीता रावत भारतीय सीनियर टीम में खेल कर प्रदेश का नाम रौशन करना चाहतीं हैं। कार्यक्रम में स्पेशल गेस्ट के रूप में शामिल अनीता रावत भारतीय जूनियर फुटबॉल टीम का हिस्सा रह चुकीं हैं। अवार्ड पाकर उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाने के साथ खेल में भी बढ़ावा दिया जाए तो समाज का विकास तेजी से होगा।
-----
इन राज्यों की बेटियों का हुआ सम्मान
उत्तराखंड - 55
राजस्थान - 04
गुजरात - 02
मध्यप्रदेश - 08
हिमाचल प्रदेश - 04
उत्तर प्रदेश - 32
दिल्ली - 02
हरयाणा - 03