पशुपालकों को एक हजार रुपये में मिलेगी गाय
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य के दुग्ध उत्पादकों की आय दोगुनी करने एवं दुग्ध संघ को सशक्त बनाने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से रायपुर रोड स्थित आंचल डेयरी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने डोईवाला एवं सहसपुर क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को दी जाने वाली फ्रिजवाल नस्ल की गायों को लेकर जाने वाली गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि डेयरी विकास विभाग की इस पहल से दुग्ध उत्पादकों को उत्तम नस्ल की गाय मिलने से आजीविका में वृद्धि होगी। साथ ही राज्य के दुग्ध संघों को अधिक मात्रा में उत्तम गुणवत्ता का दूध प्राप्त होगा। जिसके चलते दुग्ध उत्पादन व राज्य के लोगों को लाभ होगा।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक डेयरी विकास अनुराग मिश्र ने बताया कि दुग्ध उत्पादकों की आय दोगुनी करने एवं दुग्ध संघों को सशक्त बनाने के लिए भारतीय सैन्य फार्म डेयरी विकास विभाग को एक हजार रुपये में गाय मुहैया कराईं हैं। जो पशुपालकों को इतने ही रुपयों में दी जा रही हैं।
इस योजना के तहत प्रत्येक सदस्य को पांच हजार रुपये में पांच गाय दी जाएंगी। जिसमें तीन गाय दुधारू होंगी। पूरे प्रदेश में दुग्ध संघों के दो हजार से अधिक सदस्यों को गाय वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। सेना की ओर से राज्य को अभी तक 2500 गाय मुहैया करायी गईं हैं। बताया कि डेयरी विकास विभाग की ओर से राज्य में 10 हजार गाय वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में सचिव डेयरी विकास डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड सहकारी डेयरी फेडरेशन अध्यक्ष राजवीर सिंह, संयुक्त निदेशक डेयरी विकास जयदीप अरोड़ा, प्रबंधक यूसीडीएफ हल्द्वानी एके नेगी, प्रधान प्रबंधक दुग्ध संघ मानसिंह पाल आदि उपस्थित थे।