शिवा स्पोर्ट्स क्लब की टीम बनी चैंपियनशिप
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज में आयोजित 47वीं जैकी मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब शिवा स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने अपने नाम किया।
मंगलवार को फाइनल मुकाबला सेंट जॉर्ज कॉलेज की टीम ए व शिवा स्पोर्ट्स क्लब की बी टीम के बीच खेला गया। जिसमें शिवा स्पोर्ट्स क्लब की बी टीम ने सेंट जॉर्ज कॉलेज की ए टीम को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ ही 30 हजार का नगद पुरस्कार भी दिया गया। उप विजेता टीम को रनरअप ट्रॉफी और 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। सेमीफाइनल तक पहुंची अन्य दो टीमों ओकग्रोव स्कूल व रौथाण क्लब को 10 10 हजार का नगद पुरस्कार दिया गया। ओकग्रोव स्कूल को मोस्ट प्रोमेसिंग टीम का पुरस्कार भी दिया गया।
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सुंगवांग वांगसा को गोल्डन बूट दिया गया। दूसरे राउंड की 12 टीमों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के रूप में जैकृत रावत, मनीष, रैनी टोपो, रोहित, प्रताप, रूबेन पाडल, जतिन, निशांत चौहान, जीशान, सुंगवांग वांगसा और उस्मान वजीरी को मोस्ट प्रोमेसिंग प्लेयर के लिए पुरस्कृत किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मसूरी विधायक गणेश जोशी ने खिलाड़ियों से कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उन्हें अनुशासित नागरिक भी बनाता हैं। इस अवसर पर सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर टॉमी वर्गीस, सुपीरियर ब्रदर कैरल, उप. प्रधानाचार्य ब्रदर अरनेस्ट, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर राजेश, रमेश चमोली, नीरज सिंह आदि उपस्थित रहे।