ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
कालसी। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत संचालित विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इससे शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को कालसी ब्लॉक के शिक्षकों की बैठक में एक सप्ताह के अंदर वेतन आहरण नहीं होने पर परिवार सहित आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित बैठक में राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल राणा ने कहा कि रमसा के तहत अधिकांश विद्यालय दुर्गम क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं, जहां शिक्षक विषम परिस्थितियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में लंबे समय तक वेतन नहीं मिलने से उनके मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कहा कि इन दिनों विद्यालयों में नए शिक्षा सत्र के तहत प्रवेश हो रहे हैं। कई शिक्षकों के बच्चे उच्च शिक्षा केंद्रों में प्रवेश लेने वाले हैं।
वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों के सामने अपने बच्चों को नए शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाने और उनके लिए पाठ्य सामग्री खरीदने का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में वेतन आहरण नहीं होने पर शिक्षक परिवार सहित सड़कों पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री आशीष डबराल, भगवान सिंह रावत, एसएस कुशवाहा, राकेश मोहन गुसाईं, दिनेश भंडारी, हरीश पाल आदि मौजूद रहे।