ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
टैलेंट सर्च के ऑडिशन के बाद ट्रेनिंग वर्कशॉप में शुक्रवार को सुल्तान फेम फिल्म अभिनेता सतीश शर्मा ने अदाकारी की बारीकियां सिखाईं। इस प्रशिक्षण के बाद होने वाले ग्रैंड फिनाले के मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं अभिनेता तिग्मांशु धूलिया भी चुनिंदा कलाकारों को अपनी फिल्म में काम देने की बात कह चुके हैं।
अमर उजाला टैलेंट सर्च के लिए पिछले करीब एक माह में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में ऑडिशन लिए गए थे। करीब एक हजार बच्चों में से करीब 200 बच्चों को टैलेंट सर्च वर्कशॉप के लिए चुना गया। उन्हें बॉलीवुड कलाकार ट्रेनिंग देकर ग्रैंड फिनाले के लिए तैयार कर रहे हैं। शुक्रवार को वर्कशॉप में पहुंचे सतीश शर्मा ने युवाओं को एक्टिंग के टिप्स दिए। वहीं, एक्टिंग और एंकरिंग ट्रेनर फारुक सिद्दीकी, अरविंद व आलोक, सिंगिंग ट्रेनर दीपक जैन व प्रिंस, डांस ट्रेनर सलमान रजा खान व आकाश और मॉडलिंग ट्रेनर सिड, सोनाली, विशाल प्रशिक्षु कलाकारों का हुनर तलाश कर उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के लिए तैयार कर रहे हैं।
टैलेंट सर्च का ग्रैंड फिनाले दो जनवरी को राजपुर रोड, आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित सिक्का बिल्डर्स के परिसर में आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच रहे तिग्मांशु धूलिया ने कहा कि अगर उन्हें किसी कलाकार का काम पसंद आया और उन्हें जरूरत हुई तो वह आगामी फिल्मों में उसे रोल भी दे सकते हैं।
--
टैलेंट सर्च में यह होगा खास
शनिवार को ऑल टाइम ब्रेकफास्ट शॉप पर ओल्ड कनाट प्लेस, निकट कैप्री ट्रेड सेंटर में शाम छह बजे टैलेंट सर्च के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 31 दिसंबर को एच 2 क्लब में बॉलीवुड एंकर फारुक सिद्दीकी और दीपक जैन प्रस्तुति देंगे।