कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद सम्मन की तामिल और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी आ गई है। 48 घंटे में गैर जमानती वारंटों के आधार पर 51 लोगाें की गिरफ्तारी की गई, जबकि साढे़ पांच सौ के करीब सम्मन और वारंट तामिल कराए गए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सम्मन की तामिल और वारंटियाें की गिरफ्तारी के लिए 29 जुलाई से दो सप्ताह के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद हरिद्वार और टिहरी ड्यूटी पर गया पुलिस बल लौट आया है। एसपी सिटी श्वेता चौबे और एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल शहर और देहात की पूरी कमान संभाले हुए हैं। इसी कड़ी में 48 घंटे में गैर जमानती वारंट के आधार पर 51 लोेगाें की गिरफ्तारी की गई है। आरोपी काफी समय मुकदमाें की तारीखों पर कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई ऋषिकेश पुलिस द्वारा की गई है। इस अवधि में यहां करीब 16 लोगों की गिरफ्तार किया गया है। पटेलनगर में एनबीडब्ल्यू के आधार पर आठ लोगों को पकड़कर कोर्ट में पेश किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि 29 अगस्त को 1117 के करीब वारंट और सम्मन तामिल करने का टारगेट मिला था। इनमें से 48 घंटे में 550 के करीब सम्मन और वारंट तामिल कराए गए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा सम्मन एमवी एक्ट के है। बुधवार को आठ के करीब सम्मन और वारंट जारी हुए है। आगामी दो सप्ताह तक यह अभियान इस तरह जारी रहेगा।