एक साल के प्रशिक्षण के बाद 46 प्रशिक्षु महिला और दो पुरुष उप निरीक्षक सोमवार को उत्तराखंड पुलिस के बेडे़ में शामिल हो गए। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) नरेंद्रनगर से पास आउट होने वाला यह पहला बैच है।
पासिंग आउट परेड में पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने रिक्रूट उप निरीक्षकों को ईमानदारी और कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर डीजीपी ने कहा कि वर्दी गौरव का प्रतीक है और यह हर किसी को नसीब नहीं होती है।
सोमवार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेंद्रनगर में बैंड बाजों की शानदार धुनों के साथ पासिंग आउट परेड शुरू हुई। इस दौरान 46 प्रशिक्षु महिला और दो पुरुष उप निरीक्षकों ने कदम से कदम मिलाकर शानदार परेड का प्रदर्शन किया।
डीजीपी बोले, वर्दी पहनना सौभाग्य की बात
पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने परेड की सलामी लेने के बाद उप निरीक्षकों को ईमानदारी और कर्तव्यों के सफलतापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आप सौभाग्यशाली हैं कि एक ऐसे वर्दीधारी बल में शामिल हो रहे हैं जिसे एक्जीक्यूटिव कानून के अधिकार मिले हैं तथा एक प्रजातांत्रिक व्यवस्था में अत्यधिक शक्तियां मिली हैं।
डीजीपी ने कहा कि राज्य में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पुलिस में महिलाओं की भागीदारी हो रही है। यह महिला सशक्तीकरण का प्रतीक है। आज के बदलते सामाजिक परिवेश और आपराधिक दौर में पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं जिनका सामना सफलतापूर्वक पुलिस को करना है। इस दौरान डीजीपी ने पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेंद्रनगर में नवर्निमित शस्त्रागार भवन का भी लोकार्पण किया।
पीटीसी के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह सैलाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक जीएस मार्तोलिया, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय एनएस नपलच्याल, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) सुखवीर सिंह सैन्य सहायक विजेंद्र दत्त डोभाल, प्रतिसार निरीक्षक (प्रशिक्षण) मनीष जायसवाल, संजय चौहान और चंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड पीटीसी का पहला बैच
मेधावी उप निरीक्षक सम्मानित
डीजीपी ने प्रशिक्षण के दौरान सर्वोत्तम एवं आंतरिक कक्ष में प्रथम आने पर कुमारी लक्ष्मी सकलानी, बाहरी कक्ष में कुमारी पिंकी तोमर प्रथम, परेड कमांडर प्रथम प्रीति ग्वाड़ी, द्वितीय परेड कमांडर पूनम रावत तथा परेड एडज्यूडेंट के लिए कुमारी मेघा शर्मा को सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड पीटीसी का पहला बैच
उत्तराखंड के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेन्द्र नगर से सोमवार को पहला बैच पास आउट हुआ। सीधी भर्ती से चयनित उप निरीक्षकाें को यहां एक साल का प्रशिक्षण दिया गया। इससे पूर्व उप निरीक्षकों के आधारभूत प्रशिक्षण राज्य से बाहर उत्तर प्रदेश अथवा अन्य राज्यों में होता था। दूसरे बैच के 29 प्रशिक्षुओं और तृतीय बैंच के 47 प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण क्रमश: फरवरी और मार्च माह में होगा।
प्रशिक्षु सीओ का प्रशिक्षण जल्द
देहरादून। पीटीसी नरेंद्र नगर में जल्द ही लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित 21 पुलिस उपाधीक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीजीपी ने बताया कि पीटीसी को और आधुनिक बनाने के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही उसका भव्य स्वरूप नजर आएगा।