बनने गई थी गायक बन गई संगीतकार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बचपन से गायक बनने का सपना देख रही दून की सोनल प्रधान गायक बनने माया नगरी मुंबई गई थी, लेकिन संगीतकार बनकर दून लौटी हैं। गायकी का शौक रखने वाली सोनल की शिक्षा दीक्षा दून में ही हुई है। तीन मई को रिलीज होने वाली फिल्म ब्लैंक में भी सोनल ने दो गीत कंपोज किए हैं। जिन्हें बॉलीवुड गायक रोमी ने अपनी आवाज दी है।
दून के हाथीबड़कला की रहने वाली सोनल ने बतौर म्यूजिक डायरेक्टर और प्लेबैक गायक के तौर पर पहले भी काम कर चुकी है। ब्लैंक में उनके कंपोज किए दो गाने हैं। एक हिम्मत करजा... और दूसरा तुझमें है बाग बाकी...। इन दिनों सोनल अपने पिता एसपी प्रधान और माता अनुराधा प्रधान के साथ दून आई हुई हैं। एसपी प्रधान ने बताया कि सोनल को बचपन से ही लिखने का शौक था। गायक बनने का सपना सजोए सोनल दो साल पहले मुंबई गई थी लेकिन गायक नहीं बन पाई तो उसने संगीतकार बनने में हाथ आजमाया।
अनुराधा प्रधान ने कहा कि बेटी की इस कामयाबी ने परिजनों को एक नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि सनी देओल और करण कपाड़िया की फिल्म ब्लैंक की रिलीजिंग को लेकर सभी बहुत ही उत्साहित हैं। फिल्म तीन मई को रिलीज हो रही है। बेहजाद खंबाटा के निर्देशन में बनी फिल्म ब्लैंक से सोनल बॉलीवुड फिल्मों में संगीतकार के तौर पर डेब्यू कर रही हैं। इससे पहले वह फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट की बेब सिरीज माया और जख्मी के गीतों में अपना हुनर दिखा चुकी हैं।