ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पल्स पोलियो अभियान का अगला चरण चार से नौ फरवरी के बीच चलाया जाएगा। अभियान के बाबत विकास भवन सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत की अध्यक्षता में तमाम पहलुओं पर चर्चा की गई।
पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रावत ने कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहने पर फोकस करने को कहा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उत्तम सिंह रावत ने बताया कि तीन फरवरी को जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही चयनित स्थलों पर बूथ दिवस आयोजित कर पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो का टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा विकासखंड कालसी एवं चकराता को छोड़कर सभी जगह चार से नौ फरवरी तक घर घर जाकर पोलियो की दवा पिलायी जाएगी। चकराता व कालसी में चार और पांच फरवरी को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जाएगी। बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रदीप पांडेय, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा पैन्यूली, जिला पंचायतीराज अधिकारी एम. जफर खान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसबी पांडेय, जिला कार्यक्त्रस्म अधिकारी बाल विकास क्षमा बहुगुणा, सीओ यातायात राकेश देवली, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, डब्लूएचओ के राज्य प्रभारी डॉ. विकास शर्मा समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।