सौभाग्य योजना में गड़बड़ियों की जांच के आदेश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। केंद्र सरकार की ओर से यूपीसीएल के जरिये संचालित सौभाग्य योजना व दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में गड़बड़ियां उजागर होने के बाद ऊर्जा सचिव ने इसकी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। ऊर्जा सचिव राधिका झा ने प्रबंध निदेशक यूपीसीएल से सौभाग्य योजना में बरती गई अनियमितताओं के संबंध में तीन दिन में स्पष्टीकरण सहित अन्य रिपोर्ट तलब की हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। ऊर्जा सचिव ने सौभाग्य योजना के तहत राज्य के सभी 13 जिलों में योजना के तहत दिए गए बिजली के कनेक्शनों के भौतिक सत्यापन के भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।
ऊर्जा सचिव राधिका झा ने बताया कि अपर सचिव कैप्टन आलोक शेखर तिवारी को देहरादून व अपर सचिव भूपेश तिवारी को नैनीताल जिलों में जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रबंध निदेशक यूपीसीएल व निदेशक परियोजना अतुल कुमार अग्रवाल को शेष सभी 11 जिलों में स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करने के आदेश जारी किए गए हैं। ऊर्जा सचिव का कहना है कि दीनदयाल उपाध्याय ग्राम विद्युतीकरण योजना और सौभाग्य योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाने पर संबंधित अभियंताओं, कर्मचारियों के साथ ही मुख्य अभियंताओं व अधीक्षण अभियंताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। इस आदेश के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम विद्युतीकरण योजना एवं सौभाग्य योजना के तहत उन लोगों को बिजली कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं जिनके पास कनेक्शन नहीं हैं। पिछले माह ही विभागीय अधिकारियों ने ऊर्जा सचिव को यह रिपोर्ट सौंपी थी कि हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल समेत कई जिलों में सभी उपभोक्ताओं को कनेक्शन दे दिए गए हैं।