सरकारी अस्पतालों में नए साल से महंगा होगा इलाज
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में नए साल से उपचार महंगा हो जाएगा। पंजीकरण से लेकर भर्ती और जांच के शुल्क तक में बढ़ोतरी होगी। एक जनवरी 2019 से सभी सरकारी अस्पतालों में यही बढ़ा हुआ शुल्क लिया जाएगा। विभिन्न सेवाओं में एक रुपये से लेकर करीब दो सौ रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने यूजर चार्ज में दस फीसदी वार्षिक बढ़ोतरी की तैयारी कर ली है। ओपीडी, बेड चार्ज, प्राइवेट बेड चार्ज, भर्ती चार्ज, एक्स रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, शुगर जांच, थायरॉयड जांच, सीटी स्कैन समेत सभी सेवाओं और जांच के शुल्क में बढ़ोतरी की जा रही है। ब्लड बैंक संबंधित जांचों और एमआरआई को वार्षिक बढ़ोतरी से अलग रखा गया है। सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य महानिदेशालय ने नए शुल्क की सूची तैयार कर ली है, जिसे जल्द की जिलों को भेजा जाएगा।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता का कहना कि जैसा आदेश मिलेगा वैसा ही लागू कर दिया जाएगा।