लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा परिणाम जारी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य अवर अधीनस्थ सेवा (लोअर पीसीएस) मुख्य परीक्षा 2016 का परिणाम जारी कर दिया है। जल्द ही साक्षात्कार की तिथियां जारी की जाएंगी।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने इसी वर्ष 18 फरवरी को लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा का आयोजन किया था। काफी समय से अभ्यर्थी इसके परिणाम का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को आयोग ने मुख्य परीक्षा का परिणाम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया। आयोग के सचिव आनंद स्वरूप के मुताबिक कटऑफ मार्क्स की सूचना अंतिम चयन परिणाम के बाद जारी की जाएगी। लोअर पीसीएस साक्षात्कार की तिथियां वेबसाइट के अलावा समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएंगी।
50 अंकों से तय होगी कामयाबी की राह
लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा 400 अंकों की थी। अब 50 अंकों का साक्षात्कार सफलता ही राह तय करेगा। परीक्षा विशेषज्ञ प्रयाग आईएएस एकेडमी के निदेशक आरए खान ने बताया कि जो अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं, अब उन्हें पूरा ध्यान इंटरव्यू पर देना चाहिए। इंटरव्यू के लिए विशेषतौर पर उत्तराखंड से संबंधित जानकारी पर फोकस करना होगा। व्यक्तित्व परीक्षण में ज्ञान नहीं बल्कि व्यक्तित्व की जांच की जाएगी। जिन्हें इंटरव्यू में 35 से 40 अंक मिल जाएंगे, उनके चयन की संभावना बढ़ जाएगी।
यहां देखें परिणाम : www.ukpsc.gov.in