ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण देगा निर्वाचन आयोग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन अगले माह विशेष जागरुकता अभियान चलाने जा रहा है। अभियान के तहत मतदाताओं को ईवीएम और वीपीपैट के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि जिले की सभी ग्राम सभाओें, स्कूल-कालेजों में ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन करने के साथ ही उनके इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में पूरे जनवरी माह में व्यापक मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही सभी संबंधित तहसील कार्यालयों से कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। इस कार्य के लिए नामित अधिकारियों और कर्मचारियों को 20 दिसंबर को राजधानी के तहसील चौक स्थित एक होटल में सुबह 10 बजे से ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ईवीएम के इस्तेमाल की जानकारी नहीं होने के कारण चुनाव अधिकारियों-कर्मचारियों और मतदाताओं के सामने समस्या हो जाती है। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने इस समस्या से निपटने के लिए प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है।