ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बाइक सवार दो बदमाशों ने रेलवे रोड पर मार्निंग वॉक करने निकले सेना के सूबेदार के पिता को जबरन बाइक पर बैठाकर उनसे पर्स के साथ ही पहचान पत्र लूट लिया और कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। रिक्शा चालकों ने उन्हें बीईजी पहुंचाया, यहां उन्होंने बेटे को मामले की जानकारी दी। इसके बाद सूबेदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी चंद्र सिंह बीईजी रुड़की में सूबेदार के पद पर तैनात हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि पिता रूप सिंह (85) उनके पास रहने आए हैं। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह बीईजी कैंपस स्थित आवास से मार्निंग वॉक पर निकले थे। जैसे ही वह रेलवे रोड पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और उन्हें जबरन बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों ने उनकी जेब में रखा पर्स व पहचान पत्र छीन लिया और नहर के पास छोड़कर फरार हो गए। बुजुर्ग ने रिक्शा चालकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एक रिक्शा चालक उन्हें बीईजी गेट पर छोड़कर गया। उनका कहना है कि पर्स में तीन-चार सौ रुपये थे। इसके बाद बुजुर्ग के बेटे सूबेदार चंद्र सिंह ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। रेलवे रोड पर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की मदद मिलती है तो बाइक सवारों की तलाश की जाएगी।