जंगल में मरा मिला हाथी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य के जंगलों में हाथियों की मौतों का सिलसिला जारी है। देहरादून वन प्रभाग के थानो रेंज में हाथी की मौत के बाद अब एक और हाथी की मौत हो गई है। मृत हाथी का शव बड़कोट रेंज के घमंडपुर के घने जंगलों के बीच पाया गया है। हाथी की मौत की जानकारी पाकर मुख्य वन संरक्षक, वन संरक्षक व डीएफओ समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारी इस बात को लेकर राहत में दिखे कि हाथी के दोनाें दांत मौजूद हैं, लिहाजा हाथी की मौत में हाथी दांत तस्करों की संलिप्तता की संभावना न के बराबर है। फिलहाल शाम होने की वजह से पोस्टमार्टम नही हो पाया है। डीएफओ ने बताया कि मृत हाथी का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।
घटनाक्रम के मुताबिक बड़कोट रेंज के कुछ कर्मचारी जंगल की ओर गए तो पाया कि घने जंगल में हाथी मरा हुआ पड़ा है। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी डीएफओ राजीव धीमान को दी तो मुख्य वन संरक्षक भुवनचंद, अफसरों व अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने पोस्टमार्टम कराना चाहा लेकिन शाम होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। जिससे इस बात की जानकारी नहीं मिल पायी कि हाथी की मौत कैसे हुुई। डीएफओ राजीव धीमान का कहना है कि हाथी की मौत की असली वजह क्या है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हाथी की मौत संभवत: किसी बीमारी से हुई। डीएफओ ने बताया कि फिलहाल तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व थानो रेंज में एक हाथी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया था। हाथी की मौत के बाद हाथी दांत तस्कर उसके दोनों दांत निकाल ले गए थे। वन विभाग व एसटीएफ की टीम ने 15 दिन की भागदौड़ के बाद चार आरोपी तस्करों को गिरफ्तार कर दांत बरामद कर लिए थे।