ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ में ‘बल’ और ‘ठहरा’ तो लगाएंगे ही। साथ में दून के सक्षम भी फिल्म में ‘बल’ और ‘ठहरा’ शब्द का इस्तेमाल करते नजर आएंगे। सक्षम को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उनके परिजन और मित्र उत्सुक हैं। उधर सक्षम फिल्मी दुनिया में अपना भविष्य बनाने का सपना संजोए हुए हैं। वह चाहते हैं कि फिल्मी जगत में काम कर परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करें।
नेहरू कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय सक्षम सेंट जोजेफ्स स्कूल के छठीं कक्षा के छात्र हैं। बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए सक्षम ने बताया कि फिल्म के लिए देहरादून में हुए ऑडिशन में 40 बच्चों ने भाग लिया था। इसमें सक्षम का चयन होने के बाद ऋषिकेश में हुई शूटिंग में उन्होंने शाहिद के बचपन का किरदार निभाया। सक्षम की माता मौलश्री उनियाल ने बताया कि बेटे सक्षम के इतनी बड़ी फिल्म में काम करने की वजह से बहुत सी चीजें पहली बार देखने को मिलीं। साथ ही शाहिद और श्रद्धा से भी मिलने का मौका मिला। वहीं सक्षम के दादा गोविंद राम उनियाल ने कहा कि उनके पोते ने परिवार के लोगों को पहचान दिलाने का काम किया है। सक्षम इससे पहले एक विज्ञापन और शॉर्ट फिल्म में भी काम कर चुके हैं। वह सनी देओल और शाहरुख खान की मिमिक्री भी करते हैं।