युवा वैज्ञानिकों ने पर्यावरण के असंतुलन पर चिंता जताई
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। भारतीय पर्यावरण विज्ञान परिषद और डीएवी कॉलेज में चले रहे दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमीनार का शनिवार को समापन हो गया। सेमिनार के दूसरे दिन युवा वैज्ञानिकों ने पर्यावरण के असंतुलन से जलवायु में हो रहे परिवर्तन पर चिंता जाहिर की। साथ ही पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सुझाव भी दिए।
सेमीनार में अवध विवि के प्रो. जीसी पांडेय ने कहा कि मानसून का देर में आना भी जलवायु परिवर्तन का उदाहरण है। सेमीनार में प्रो. नीरा कपूर, डॉ. मोहम्मद यूसुफ, डॉ. ज्योति वोहरा समेत 16 युवा वैज्ञानिकों ने पर्यावरण एवं जीव विज्ञान विषय पर विचार व्यक्त किए। प्रो. विनीता शुक्ला ने कंप्यूटर से निकलने वाली रेडिएशन के प्रभाव पर विचार व्यक्त किए। कई वैज्ञानिकों ने विलुप्त हो रहे जीव जंतुओं की पर्यावरण संरक्षण में भूमिका पर चर्चा की और सुझाव दिए।
सेमीनार में कानपुर विवि की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना, डॉ. फारूख, डॉ. शशि किरण सोलंकी, डॉ. बीडी जोशी, प्रो. पीसी जोशी सहित काफी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
केंद्र पांच दिन रहेंगे बंद आंगनबाड़ी
देहरादून। जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच दिवसीय ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। शनिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) डॉ. एसके सिंह ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र 25 से 29 जून तक बंद रहेंगे।