अनुष्का, अक्षत और अक्षिता बने चैंपियन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। पांचवें कार्लटन आरजी मेमोरियल प्राइज मनी डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन टूर्नामेंट में अनुष्का जुयाल, अक्षत नेगी और अक्षिता मनराल ने अपने-अपने वर्ग का खिताब जीता। अनुष्का जुयाल को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
परेड मैदान स्थित बहुद्देश्यीय क्रीड़ा सभागार में शनिवार को विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका अंडर-10 एकल वर्ग में अक्षिता मनराल ने श्रीजा तिवारी को 21-12 और 21-9 से हराकर फाइनल जीता। बालक अंडर-13 एकल वर्ग में ईशान नेगी ने सूर्याक्ष रावत को 21-19 और 21-16 से शिकस्त दी। बालिका वर्ग में अनुष्का जुयाल ने समृद्धि तिवारी को 21-15 और 21-18 से हराया।
बालक अंडर-13 युगल वर्ग में हेमंत व जिनपॉल ने सूर्याक्ष व अभय की जोड़ी को 20-22, 21-16 और 22-20 से हरा दिया। बालक अंडर-19 एकल वर्ग में अक्षत नेगी ने तुषार बब्बर को 21-16, 16-21 और 21-8 से हराया। ओपन पुरुष युगल वर्ग में संजय रावत व सौरभ पांडेय ने पंकज व प्रत्यूष की जोड़ी को 21-18 और 21-19 से शिकस्त दी। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की अनुष्का जुयाल को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
समापन पर मुख्य अतिथि बलूनी क्लासेज के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सुशील सिंह राणा, दिनेश कुमार, डॉ. धर्मेंद्र भट्ट, राजेश ममगाईं, हरिओम त्रिपाठी, तरन काला, प्रवीन जुयाल, चीफ रेफरी सतीश लोधी, दीपक रावत, दिनेश असवाल, नवनीत सेठी, मलय तिवारी, प्रवीन लिंगवाल, वीएस रावत, रामा पंत, अमृतपाल सिंह, गौरव गुलेरी आदि मौजूद रहे।