वंचित परिवारों को जल्द मिले बिजली-पानी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मसूरी विधायक गणेश जोशी ने अपने आवास पर पेयजल और विद्युत की समस्याओं को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जल्द बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रिखोली के शौला गांव में पांच परिवारों को आज तक बिजली नहीं मिलने पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए। यह गांव देहरादून शहर से मात्र 25 किमी की दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि भितरली में ट्रांसफ ार्मर लगाया जाए। साथ ही मसूरी के सुवाखोली में बिजलीघर बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने गंगोत्री विहार, मंदाकिनी विहार, सिद्धार्थ विहार में पेयजल निगम की ओर से खोदी गई सड़कों को दुरुस्त करने को कहा। जाखन क्षेत्र की पेयजल समस्या, बृजलोक चंद्रलोक एवं सालावाला हाथीबड़कला के नलकूप का जल्द लोकार्पण कराने को कहा।
बैठक में विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एलएम प्रसाद, ईई वीके सिंह, ईई मुनीष चंद्रा, जल निगम के एसई एनएस बिष्ट, ईई अनुज कौशिक, ईई जीपी सिंह, ईई पल्लवी, भाजपा नेता दीपक पुंडीर, निवर्तमान पार्षद भूपेंद्र कठैत, सुरेंद्र राणा उपस्थित रहे।