ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
छात्रों को स्कूल स्तर पर ही देश के इतिहास और संस्कृति की जानकारी होना जरूरी है। स्कूली किताबों के साथ ही अन्य किताबें भी छात्रों को पढ़नी चाहिए। सोमवार को राजभवन में दून स्कूल के छात्रों को संबोधित कर राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल ने यह बात कही।
सोमवार को राजभवन पहुंचे छात्रों से राज्यपाल ने कहा कि बच्चों को किताबें जरूर पढ़नी चाहिए, इससे उनके ज्ञान में बढ़ोतरी होगी। कहा कि इंटरनेट से सूचना प्राप्त होती है, जबकि किताबें ज्ञान देती हैं। किसी सूचना के तमाम पहलुओं की जानकारी किताबों से ही मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ छात्र शिक्षणेत्तर गतिविधियों के रूप में स्वच्छ भारत, महिलाओं के प्रति सम्मान, सड़क दुर्घटनाओं पर जन जागरूकता संबंधी कार्यक्रम चला सकते हैं। राज्यपाल ने महिलाओं के प्रति हिंसा व दुर्व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताई। कहा कि कानून के साथ ही लोगों की मानसिकता में परिवर्तन लाने के बाद ही इस पर अंकुश लग सकता है। लड़कों को बचपन से ही महिलाओं व बालिकाओं का सम्मान करना सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने वाहन दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई। कहा कि यातायात के नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। राज्यपाल ने छात्रों से केदारनाथ व बदरीनाथ के बारे में भी जानकारी ली।