ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
राजधानी में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य मई से शुरू हो जाएगा। देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी ने विकास कार्याें की डीपीआर तैयार करने के लिए कंपनी का चयन कर लिया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के सीईओ व मंडलायुक्त गढ़वाल दिलीप जावलकर के मुताबिक अल्मांड्ज, आरईपीएल और जेएलएल कंपनियों के संयुक्त उपक्रम डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहर को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करने को लेकर देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी की ओर से कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। देश विदेश की नौ नामी कंपनियों ने डीपीआर तैयार करने व निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग करने के लिए आवेदन किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के सीईओ/ मंडलायुक्त दिलीप जावलकर ने बताया कि काफी विचार विमर्श के बाद कं सलटेंट का चयन किया गया है। अल्मांड्ज, आरईपीएल व जेएलएल कंपनियों के संयुक्त उपक्रम को डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीपीआर तैयार होते ही निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए जाएंगे। चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराएं जाएंगे। उम्मीद है कि मई माह से परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा।