ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शासन स्तर से 10 और 11 अप्रैल के राजस्व पर फैसला नहीं आने के बावजूद शुक्रवार को शहर की अधिकांश शराब की दुकानें पुराने ठेकेदारों को दैनिक राजस्व के आधार पर आवंटित कर दी गईं। बताया गया कि अधिकांश पुराने ठेकेदारों ने बकाया राजस्व जमा करवा दिया है। इसके चलते उन्हें दुकानें आवंटित की गई हैं।
बता दें राजधानी की 39 शराब दुकानों के आवंटन की टेंडर बृहस्पतिवार को खुलने के बाद आबकारी विभाग ने 10 और 11 अप्रैल का राजस्व न जमा कराने पर कई दुकानें बंद करवा दी थीं। वहीं ठेकेदार दुकान बंद होने के बावजूद 10 और 11 अप्रैल का राजस्व जमा करने का विरोध कर रहे थे। लिहाजा आबकारी विभाग ने यह मामला शासन को भेज दिया, लेकिन शासन स्तर पर शुक्रवार को भी इस मामले में कोई फैसला नहीं आया। इसके चलते आबकारी विभाग ने ज्यादातर दुकानें पुराने ठेकेदारों को दैनिक राजस्व के आधार पर आवंटित कर दीं।