ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ समारोह के अंतिम दिन गायिका शाहीन सलमानी की मखमली आवाज पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और कॉलेज में स्मार्ट क्लास रूम एवं एडुसैट का सेटेलाइट सिस्टम स्थापित करने की घोषणा की। देर तक छात्र शाहीन की आवाज पर झूमते रहे।
शनिवार को डीएवी के छात्रसंघ समारोह का अंतिम दिन रॉकनामा बैंड की गायिका शाहीन सलमानी के नाम रहा। शाहीन नैना लगियां बारिशां, ऐ दिल है मुश्किल, जिया जिया रे जिया रे, दिल चाहता है, शकीरा-शकीरा, गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं... जैसे गीतों पर छात्रोें को नाचने पर मजबूर कर दिया। इस बीच अंतिम दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मसूरी विधायक गणेश जोशी, पूर्व प्राचार्य डॉ. आर के मेहता, वर्तमान प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने किया।
छात्रों ने 21 अप्रैल को रिटायर होने जा रहे प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एनसीसी के समन्वयक मेजर डॉ. अतुल सिंह को कॉलेज रत्न सम्मान से नवाजा गया। शुभम सिमल्टी, महासचिव आकाश गौड़, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार, अंशुल चावला, जितेंद्र सिंह बिष्ट, सुनील वर्मा, मनीष रावत, राहुल शर्मा, सूरज भट्ट, सिद्धार्थ राणा, ओम कक्कड़, हिमांशु नेगी, नवीन नेगी, अंकित जोशी, शंकर रावत, निखिल शर्मा आदि मौजूद रहे।
--
डीएवी को स्मार्ट क्लास की सौगात
छात्रसंघ समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कॉलेज में लगे वाई-फाई का भी उद्घाटन किया। साथ ही कॉलेज की मासिक पत्रिका का विमोचन किया। उन्होंने गत वर्र्ष साउथ कोरिया में हुए फैशन शो में बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम की विजेता रहीं कॉलेज की छात्रा प्रिया शाह को सम्मानित भी किया।
--
...जब शाहीन ने दी शो छोड़ने की धमकी
छात्रसंघ समारोह के अंतिम दिन भी डीएवी में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। उस वक्त माहौल खराब होते-होते बच गया, जब कुछ छात्र मंच पर प्रस्तुति दे रहीं गायिका शाहीन की ओर अश्लील इशारे कर फब्तियां कसने लगे। नतीजा यह हुआ कि शाहीन ने शो बीच में ही रोककर सभी से महिलाओं के सम्मान की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला हूं और कलाकार भी हूं, इसलिए मेरा सम्मान कीजिए। उन्होंने कुछ अराजक छात्रों को पंडाल से हटवाते हुए कहा कि अगर इस तरह किसी छात्र ने दोबारा कोशिश की तो वह शो बीच में ही छोड़कर चली जाएंगी। दूसरी ओर, समारोह के अंतिम समय में कुछ छात्रों के बीच हाथापाई भी हुई।