ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय में बुधवार को राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज (केंद्रीय प्रतिष्ठान) वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में पहले दिन पांच मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में केंद्रीय प्रतिष्ठानों की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं।
बुधवार को पहले मुकाबले में एमईएस की टीम ने सर्वे ऑफ इंडिया को 25-19 और 25-12 के अंतर से शिकस्त दी। एमईएस के मनोज ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे मुकाबले में ओएलएफ ने आईआईपी को 25-12 और 24-14 से हराया। ओएलएफ के सचिन ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। तीसरे मुकाबले में ओएफडी ने डाक विभाग को 25-14 व 25-21 से हराया। ओएफडी के गणेश राम और डाक विभाग के हरीश शर्मा का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। चौथे मुकाबले में डील ने एनएचओ को 25-10, 25-14 से हराया। डीएल के प्रसन्न सिंह नेगी ने अच्छा खेल दिखाया। वहीं दिन के अंतिम मुकाबले में डाक विभाग ने ओएलएफ को 22-25, 25-15, 15-12 से हराया। डाक विभाग के हरीश शर्मा व अतर सिंह और ओएलएफ के सचिन, विपिन ने बेहतरीन खेल दिखाया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय के प्रधान निदेशक कोमोडोर रवि नौटियाल, विशिष्ट अतिथि डिप्टी सर्वेयर जनरल उदय शंकर प्रसाद और आरएसबी के सचिव मोहन राय ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आयोजन में आरएसबी सम कमेटी के अध्यक्ष डीएस रावत, करनेल सिंह, कलम सिंह, गिरीश पांथरी, अमर थापा, आशीष ममगाई, संजय बहुगुणा, शूरवीर सिंह, सुरेश बिजल्वाण समेत अन्य मौजूद रहे।